शामली। झिंझाना पुलिस ने करीब एक माह पहले दिल्ली में दो ट्रेनों में यात्रियों से लूट की घटना में फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से चोरी की बाइक, एक तमंचा और ट्रेन में लूट के शिकार यात्री के आधार कार्ड की छाया प्रति बरामद की है।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी अजय कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार रात को मुखबिर की सूचना पर झिंझाना थाने की अहमदगढ़ चौकी के प्रभारी विजय त्यागी ने पुलिस बल के साथ गांव रामपुरा प्राइमरी स्कूल के निकट बाइक सवार बदमाश मोहनलाल उर्फ गूंगा निवासी गांव रामपुरा थाना झिंझाना को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और एक आधार कार्ड की छाया प्रति बरामद हुई।
बरामद बाइक दिल्ली के थाना बुराड़ी क्षेत्र से कुछ समय पहले चोरी की गई थी। एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि 16/17 जनवरी की रात में पकड़े गए बदमाश मोहनलाल ने पंकज रोहिल्ला, विक्कू उर्फ विक्की, राहुल, पंकज रोहिल्ला और अन्य आठ साथियों के साथ मिलकर टाटा मूरी एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर डिब्बे में होलंबी कला स्टेशन से पहले चेन खींचकर ट्रेन को रोककर यात्रियों से से नकदी, गहने और कीमती सामान लूटा था।
इस घटना के बाद सभी 12 बदमाश समयपुर बादली दिल्ली रेलवे स्टेशन के पहले आउटर सिगनल के पास पहुंचे, जहां कुछ ही समय बाद सोनीपत की तरफ से आने वाली ट्रेन रुकने पर अलग-अलग दो डिब्बों में यात्रियों से लूट की थी। आधार कार्ड नंबर पीड़ित यात्री शीशपाल निवासी गुरदासपुर पंजाब का पाया गया है। एसपी ने बताया कि ट्रेन लूट की घटना में मोहनलाल फरार चल रहा था। उस पर डीसीपी जीआरपी दिल्ली की तरफ से दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा बदमाश से पूछताछ में पता चला कि वह गर्मियों के दिनों में स्टेशन पर चेन स्नेचिंग करता है और अब तक 20 से अधिक चेन स्नेचिंग की घटनाएं दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कर चुका है। एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी से की पूछताछ
झिंझाना। ट्रेन लूट में वांछित गांव रामपुरा निवासी मोहनलाल उर्फ गूंगा के पकड़े जाने की सूचना पर दिल्ली क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर आरएन सिंह रविवार को पुलिस टीम के साथ झिंझाना थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि उनके यहां 17 जनवरी को बदमाशों ने चलती ट्रेन में हथियारों के बल पर सवारियों को आतंकित कर लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट की थी। दिल्ली पुलिस तभी से लुटेरों की तलाश में लगी हुई थी। इससे पहले भी क्राइम ब्रांच की टीम कई बार झिंझाना में उनकी तलाश में दबिश डाल चुकी है, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि सोमवार को आरोपी की रिमांड लेने के लिए न्यायालय में अपील करेंगे। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया की दिल्ली पुलिस की टीम ने आरोपी से पूछताछ की है।