छपार। मेरठ निवासी सलमान हत्याकांड में वांछित चल रहे आरोपी वसीम उर्फ खटमल को पुलिस तलाश नहीं पा रही है। जनपद पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। चार अप्रैल को सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजोपुरा के जंगल में हाईवे के निकट ट्यूबवेल पर एक युवक का शव पड़ा है। इसकी शिनाख्त उसके भाई मेरठ के लिसाडी गेट मोहल्ला अहमदनगर निवासी नौशाद ने की। उसने पुलिस को बताया कि मृतक युवक उसका भाई सलमान है।
नौशाद ने मोहल्ले के ही पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस जांच में मृतक की पत्नी सुमायला व उसके प्रेमी मेरठ निवासी वसीम उर्फ खटमल सहित छह आरोपी प्रकाश में आए। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को बिजोपुरा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया था। एक जून को एक आरोपी साकिब मुठभेड़ में घायल हालत में पकड़ा गया। पुलिस ने उसके साथी साहिल उर्फ अमान को भी पकड़ा था। मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी पर 20 बीस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने 12 दिसंबर को मृतक की पत्नी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था। संवाद