कांधला। कस्बे की नई बस्ती में ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। नई बस्ती में बुधवार को रास्ते में ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर नौशाद और फैमीद पक्ष के लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। उस समय मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन बाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट में दानिश, नौशाद, फैमीद और मेहताब घायल हो गए। एक पक्ष की महिला नईमा ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद