बिडौली। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस की सीसी (क्राइम कंट्रोल) टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत मेरठ-करनाल हाईवे स्थित पटनी परतापुर टोल प्लाजा पर पुलिस बल की मौजूदगी में वाहनों की गहन जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, बिना वैध दस्तावेज और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक करीब 160 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जिन पर लगभग दो लाख पांच हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया है। इसके अतिरिक्त एक युवक द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़ने पर बुलेट को मौके पर ही सीज कर दिया। एसपी का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।