झिंझाना/बिडौली। जिला पंचायत के ठेके की आड़ में डंडे के बल पर वसूली करने के दौरान ट्रक चालक से मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। ड्राइवर एकता मजदूर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दिलमान ने झिंझाना थाने पर अज्ञात चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कैराना थानाक्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी ड्राइवर एकता मजदूर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दिलमान झिंझाना थाने पर दी तहरीर में बताया कि 17 फरवरी को वह एक ट्रक चालक के साथ शामली से करनाल की ओर जा रहे थे। जब ट्रक बिडौली स्थित जिला पंचायत गुरुद्वारे के सामने पहुंचा, तभी वहां मौजूद 3-4 अज्ञात लोगों ने बिहार से अंबाला जा रहे ट्रक को रोक लिया। आरोप है कि उन लोगों ने जिला पंचायत के नाम पर रसीद काटने की बात कहते हुए चालक से 250 रुपये की मांग की। चालक ने यह कहते हुए रुपये देने से इन्कार कर दिया कि यह नेशनल हाईवे है और यहां कोई टैक्स देना अनिवार्य नहीं है। इस पर आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान ड्राइवर एकता एसोसिएशन के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विदित हो कि तीन दिन पहले डंडे के बल पर वसूली को लेकर ट्रक चालकों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए ट्रक खड़े कर दिए थे, जिससे दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही थी। पुलिस ने चार लोगों को पकड़कर शांति भंग में चालान किया था।
-
माल से लदे वाहनों से शुल्क लेने का है शासनादेश
शामली। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी नईम अहमद ने बताया कि जिले में जिला पंचायत की तरफ से बिडौली और कैराना में हरियाणा बोर्डर पर नियमानुसार ठेका छोड़ा गया है। शासनादेश के अनुसार दूसरे राज्यों या जनपदों से शामली जनपद में प्रवेश करने वाले या यहां से जाने वाले खोई, भूसी, मैली, बकास, कबाड़, गत्ता, लोहा व सरिया आदि माल लाता है तो वाहन चालक या स्वामी से जिला पंचायत द्वारा निर्धारित शुल्क वसूल किया जाता है। इस संबंध में ठेकेदार को नोटिस भी दिया गया है कि वाहन चालकों या स्वामियों से किसी प्रकार का दुर्व्यवहार व डंडे के बल पर वसूली नहीं की जाए।