झिंझाना। बिजली चोरी और ओवरलोडिंग के मामलों में विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। चौसाना क्षेत्र में टॉप-20 उपभोक्ताओं पर 92 लाख रुपये से अधिक बकाया होने पर नोटिस जारी किए गए हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता सौरभ पाठक ने चौसाना, जिजौला और खोड़सामा के बकायादार उपभोक्ताओं से मिलकर कर छूट योजना का लाभ उठाते हुए बकाया जमा करने की अपील की। इस दौरान जेई आजम अकबर भी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि चौसाना बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं पर 50 लाख 82 हजार रुपये, खोड़सामा बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं पर 15 लाख 87 हजार रुपये और टोडा बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं पर 26 लाख 18 हजार रुपये का नोटिस जारी किया गया है। इन सभी को मिलाकर बकाया राशि 92 लाख रुपये से ऊपर पहुंच गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छूट अवधि में भुगतान करने पर मामलों का निस्तारण कर दिया जाएगा, जबकि समय सीमा के बाद बकाया न जमा करने वालों के खिलाफ वसूली के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से नियमों के अनुसार बिजली का उपयोग करने और समय पर बकाया जमा कर कार्रवाई से बचने की अपील की है। संवाद