फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: घर के आंगन में मिला युवक का शव, करंट लगने की संभावना

विज्ञापन
विज्ञापन
झिंझाना। क्षेत्र के गांव रंगाना में सुनील (28) घर के आंगन में बुधवार सुबह मृत अवस्था में मिला। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल बना है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस प्रथम दृष्टया युवक की करंट लगने के बाद पत्थर में सिर लगने से मौत होना मान रही है।
विज्ञापन

गांव रंगाना में बुधवार सुबह पांच बजे ओमवती अपने पशुओं को चारा डालने के लिए उठी तो घर के आंगन में अपने छोटे पुत्र सुनील का खून से लथपथ शव देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सुनील अपने भाई के साथ खेती के काम में सहयोग करने के साथ मजदूरी करता था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। युवक के हाथ में बिजली का केबल मिला और पत्थर पर खून से लथपथ शव पड़ा था। सिर से गहरी चोट लगने से खून निकला हुआ था। एएसपी सुमित शुक्ला व सीओ कैराना हेमंत सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। सुनील की पत्नी मोनी अपने तीनों बच्चों सानवी, शिवांश व मानवी के साथ अपने मायके जिला मुजफ्फरगनर के गांव कावली गई थी। घर पर बड़ा भाई अविवाहित अनिल और मां ओमवती थे। पिता ब्रह्म सिंह की करीब आठ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। रात में अनिल खेत पर गया था। ग्रामीणों का कहना है कि सुनील को सुबह चार बजे के आसपास गांव में ही घूमते हुए देखा गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही घर के आंगन में उसका पत्थर के ऊपर खून से लथपथ शव पड़ा होने की जानकारी मिली। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया युवक का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। प्रथम दृष्टया युवक की करंट लगने के बाद पत्थर पर सिर लगने से मौत होना लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का सही कारण पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। परिवार के नीरज की तरफ से सुनील की करंट लगने से मौत होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें