शामली। शहर में शोभायात्रा देखने गए दो सगे भाई और उनके चाचा का तीन दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। पुलिस टीमें तीनों की तलाश में लगी हुई हैं।
शहर के मोहल्ला धर्मपुरा निवासी लव जैन ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके 14 वर्षीय बेटे चिराग जैन और 9 वर्षीय कुशाग्र जैन तीन नवंबर को दोपहर करीब 12:35 बजे घर से शोभायात्रा देखने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ बजे कुशाग्र ने फोन कर बताया कि वह गुरुद्वारे के पास खड़ा है, जबकि चिराग अपने दोस्त के घर गया है। पिता ने उसे वहीं रुकने को कहा और स्वयं मौके पर पहुंचने लगे। लव जैन का कहना है कि जब वह गुरुद्वारे पहुंचे तो कुशाग्र का कोई पता नहीं चला। उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। लव का कहना है कि बच्चों को देखने के लिए उनके चाचा कुश जैन भी उसी दिन शाम को तलाश करने गए थे। वे भी घर नहीं लौटे। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि लापता बच्चों व उनके चाचा की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें तलाश कर लिया जाएगा।