जलालाबाद। अवैध आरा मशीनों की शिकायत करने पर जांच करने पहुंचे अधिकारियों के सामने लोगों ने शिकायतकर्ता की पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जलालाबाद में चल रही आरा मशीनों को लेकर पिछले काफी दिनों से कस्बा निवासी दिलदार सैफी ने जिलाधिकारी को शिकायत की थी। जिलाधिकारी के आदेश पर वन विभाग ने जांच टीम गठित की थी। रविवार की शाम वन दरोगा अशोक कुमार ने शिकायतकर्ता को फोन कर बुलाया व उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर गंगोह मार्ग स्थित आरा मशीनों पर पहुचे, तभी वहां पहुंचे कुछ लोगों ने शिकायतकर्ता की जमकर धुनाई कर दी और उसे खींचकर एक दुकान में अंदर ले गए और वहां पर भी उसके साथ मारपीट की। किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल से वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत वाला मामला दूसरा है। आपसी लेनदेन को लेकर दो पक्षों में झगड़े की शिकायत मिली थी। दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया है। उधर, जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि वह शिकायतकर्ता को लेकर शिकायत वाले स्थान पर गए थे। उनके सामने कोई मारपीट नहीं हुई है। इस मामले में किसी पक्ष द्वारा शाम तक तहरीर नहीं दी गई है।