कैराना। तहसील क्षेत्र के गांव मंसूरा में मौजूद राज्य सरकार की भूमि को राजस्व विभाग की टीम ने कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान कब्जाधारियों ने टीम का विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। प्रशासन के अनुसार, तहसील क्षेत्र के गांव मंसूरा में राज्य सरकार की भूमि मौजूद है। पिछले कई दिनों से गांव मंसूरा निवासी दो सगे भाई साजिद व इरफान के द्वारा भूमि पर मकान बनाकर कब्जा किया जा रहा था। प्रशासन की ओर से पूर्व में दोनों को सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कब्जाधारियों के द्वारा अवैध कब्जा नहीं हटाया गया था। बुधवार को एसडीएम निधि भारद्वाज के निर्देश पर नायब तहसीलदार सतीश यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहां पर जेसीबी मशीन से सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। नायब तहसीलदार सतीश यादव ने बताया कि एजेंट के निर्देश पर राजस्व विभाग व पुलिस की टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया गया है। साथ ही कब्जाधारियों को भविष्य में अवैध कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई है। संवाद