कैराना। सड़क हादसों में दो लोगों की माैत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
झिंझाना रोड पर नाहिद कॉलोनी में मंगलवार को अज्ञात वाहन से कुचलकर बाइक सवार 18 वर्षीय शोएब की मौत हो गई। मृतक गांव मसूरा के प्रधान का भतीजा है।
मंगलवार शाम करीब छह बजे झिंझाना क्षेत्र के गांव मसूरा निवासी 18 वर्षीय शोएब अपने चाचा को कैराना छोड़ने के बाद बाइक से वापस अपने गांव जा रहा था। झिंझाना रोड पर नाहिद कॉलोनी से पहले अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को कुचल दिया।
वाहन के पहिए से कुचलने के कारण शोएब की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी होने पर मसूरा से मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। मृतक के चाचा मसूरा के प्रधान पति अफसर ने बताया कि उनका भतीजा शोएब अविवाहित था तथा तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मृतक राजस्थान के सीकर में हेयर सैलून की दुकान करता था।