गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में अवैध आरा मशीन चलने की शिकायत पर जांच करने गई वन विभाग की टीम से दो युवकों ने हाथापाई कर दी। इस मामले में वन विभाग ने दोनों युवकों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
28 अगस्त को गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी मोहम्मद सलीम पर अवैध आरा मशीन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने लगातार शिकायत की कि ईदगाह रोड स्थित कब्रिस्तान के पास कुछ संचालक फिर से अवैध आरा मशीन चला रहे हैं। सूचना मिलने पर रविवार को वन विभाग की टीम जांच करने पहुंची। जांच के दौरान गांव के दो युवक भी मौके पर आ गए। इनमें से एक युवक टीम की वीडियो बनाने लगा। इसी बीच दरोगा और वीडियो बना रहे युवक के बीच कहासुनी हो गई, जो हाथापाई में बदल गई। वनरक्षक व थाना भवन बीट प्रभारी सुनील कुमार ने थाने पर तहरीर देकर आमिल व उमेर खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दूसरे पक्ष ने भी वन दरोगा पर बाइक छीने जाने व जेल में डालने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। संवाद