कैराना में मृतक बीए की छात्रा ईशा का फाइल फोटो-कालेज आईडी
कैराना। शामली रोड पर विजय सिंह पथिक महाविद्यालय के आगे बस से उतरने के दौरान शामली के मोहल्ला बनखंडी बूढ़ा बाबू निवासी बीए की 21 वर्षीय छात्रा ईशा की मौत हो गई। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
शामली के मोहल्ला बूढ़ा बाबू बनखंडी निवासी 21 वर्षीय ईशा नगर के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ईशा शामली से प्राइवेट बस से कैराना महाविद्यालय में पढ़ने के लिए आ रही थी। महाविद्यालय के आगे ईशा बस से उतरने लगी। इस दौरान बस की हल्की सी स्पीड होने के कारण ईशा बस से उतरने के दौरान गिर गई व उसका सिर सड़क पर लग गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इस दौरान कोतवाली पुलिस की गाड़ी भी उधर से गुजर रही थी। पुलिस ने घायल ईशा को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर के काफी प्रयास के बावजूद छात्रा को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। ईशा के पास मिले आई कार्ड के आधार पर पुलिस ने शामली में उसके परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर रोते बिलखते परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। मृतका के चाचा शेखर ने बताया कि ईशा चार बहनों में सबसे छोटी थी। सभी बहनें अविवाहित हैं तथा उनके पिता विनोद की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी।
मृतका की मां राजबाला मजदूरी करके अपनी बच्ची को पढ़ा रही थी। कोतवाली पुलिस ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।