नदी में डूबे दंपती के शवों का अंतिम संस्कार
कांधला। गांव मतनावली में कृष्णा नदी में डूबकर दंपती की मौत के बाद गांव में शोक पसरा है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। रालोद नेताओं ने परिवार के लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी।
थाना क्षेत्र के गांव मतनावली में पशुओं का चारा लेने जा रहे नीटू कश्यप व उसकी पत्नी रूबी की भैंसा बुग्गी कृष्णा नदी में पलट जाने से मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनके शवों को गांव लाया गया। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। नीटू कश्यप के शव को उसके भाई शिव कुमार ने तथा रूबी के शव को भतीजे गौतम ने मुखाग्नि दी। हादसे से परिवार में मातम है। उनके आवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। शाम को रालोद नेता डॉ. विक्रांत जावला ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उनके साथ ग्राम प्रधान रविंदर, अनुज, मोनू, राजवीर, मोहित, गौतम, यशवीर आदि लोग मौजूद रहे।