गोशालाओं की कराई जांच, गोवंशों को मिला उपचार
शामली। बारिश और ठंड के मौसम में डीएम जसजीत कौर ने सभी स्थायी एवं अस्थायी गोशालाओं में रखे गए गोवंशों को समुचित चारा-पानी और बीमारी में उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को गोशालाओं की जांच कराई। डीएम ने बताया कि जो गोवंश बीमार हैं उनका उपचार चल रहा है। गोशालाओं में रखे गए गोवंशों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं।
कई दिनों से पड़ रही सर्दी और बारिश के बीच स्थायी तथा अस्थायी गोआश्रय स्थलों में रखे गए गोवंशों को लेकर डीएम जसजीत कौर ने ब्लॉक, नगर निकाय एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में आश्रय स्थलों में रखे गए गोवंशों को सर्दी से बचाने के लिए व्यवस्थाओं को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इस पर डीएम ने सभी आश्रय स्थलों की जांच कराई। उन्होंने बताया कि बाबरी गोआश्रय स्थल में एक गोवंश की मौत होने का मामला सामने आया है। दो गोवंश बीमार मिले, उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य सभी आश्रय स्थलों में भी गोवंशों को सर्दी से बचाने, चारा-पानी एवं बीमारी में उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया गया।
निराश्रित पशुओं से निजात दिलाने की मांग
शामली। कैराना तहसील के गांव सहपत के किसानों ने निराश्रित पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है। बुधवार को डीएम जसजीत कौर से की शिकायत में किसानों ने कहा है कि गांव के जंगल में 35-40 पशुओं का झुंड खेतों में घुसा रहता है। यह झुंड फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। उन्होंने निराश्रित पशुओं को गोशाला में भिजवाने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में नरेश कुमार, कुलदीप, सतीश, राजेंद्र, रमेश, सुरेशपाल, तसरपाल, अमन, जौनी आदि शामिल रहे।