संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने प्रदेश सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन की चहारदीवारी के लिए शासन से 2.5 करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। वहीं, भैंसवाल गांव में 46 करोड़ की लागत से बनने वाले खेल स्टेडियम के लिए शासन से दस करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने के लिए चीनी मिलों पर दबाव बना रही है। किसानों का वर्ष 2021-22 का 376.50 करोड़ बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किया गया। 17.99 करोड़ की लागत से 12 किमी नई सड़क का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 100 दिन में 50 किमी लंबाई का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में ड्रेनेज खंड की ओर से यमुना के बाएं किनारे पर कटाव निरोधक कार्य जारी है। जिले के 7432 बिजली उपभोक्ताओं से 8.87 करोड़ रुपये की वसूली की गई है। जून तक 43.09 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 75.93 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। इस मौके पर सांसद प्रदीप चौधरी, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, डीएम जसजीत कौर, एसपी अभिषेक, एडीएम संतोष सिंह, सीडीओ शंभूूनाथ तिवारी, सीएमओ डॉ. सजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा
राज्यमंत्री बोलीं, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
शामली। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के समक्ष मीडियाकर्मियों ने जिला सयुंक्त अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती न होने, स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार तथा जिले में फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई न किए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मीडियाकर्मियों ने सवाल पूछा कि बागपत जिले में फर्जी अस्पताल संचालित करने वाले आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। शामली जिले में सीएमओ की ओर से फर्जी अस्पताल संचालित करने वाले उसी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। स्कूलों में बच्चों को अभी तक यूनिफार्म और जुराब, जूता और किताबें नहीं मिली हैं। बच्चे पुरानी किताबों से काम चला रहे हैं। इस पर राज्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूलों के बच्चों को किताबें मिल जाएंगी। इस मौके पर सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि 1200 रुपये स्कूली बच्चों के खाते में शीघ्र भेजे जाएंगे।