शामली। नगरपालिका में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर लखनऊ के लिए साइकिलों से रवाना हुए चार सभासद और दो सभासदों के पति प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक के जांच कराने के आश्वासन पर मेरठ से लौट आए हैं। सभासदों ने कहा कि उन्हें मंत्री के आश्वासन पर पूरा विश्वास है। ईओ के निलंबन की मांग भी सभासदों ने की है।
नगरपालिका में भ्रष्टाचार की शिकायत अधिकारियों से करने वाले भाजपा के सभासद राजीव गोयल, निशिकांत संगल, अनिल उपाध्याय, अजीत निर्वाल, दो सभासदों के पति पंकज गुप्ता व सेठपाल रविवार सुबह साइकिलों से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। उनका कहना था कि पालिका में भ्रष्टाचार की 240 पन्नों की फाइल लेकर वे लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। उन्होंने अधिकारियों से ईओ के निलंबन की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई उच्चाधिकारियाें द्वारा नहीं की गई। इसके अलावा उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें की। उन पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया। मजबूर होकर उन्हें लखनऊ का रास्ता अख्तियार करना पड़ा।
सभासद अनिल उपाध्याय ने बताया कि मेरठ से लखनऊ जाते समय प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक उनके पास पहुंचे और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। जिसके बाद उन्होंने लखनऊ जाने का इरादा टाल दिया और वापस शामली लौट आए।