गढ़ीपुख्ता। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने सभासदों से कहा कि वे शासन की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करें।
शुक्रवार को कस्बे के श्री जवाहरलाल नेहरू इंटर कालेज में आयोजित नामित तीन सभासदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि गढ़ीपुख्ता क्षेत्र की सभी सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। ताकि यहां के लोगों को सहारनपुर और हरियाणा तक आने जाने में सुविधा हो सके। गढ़ीपुख्ता में डिग्री कॉलेज का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष अली हसन से तालाबों की साफ-सफाई कराने और सरकारी अस्पताल में पानी निकासी की व्यवस्था नगर पंचायत की तरफ से कराने को कहा। उन्होंने सभी लोगों से कोरोना से बचाव हेतु सभी उपाय करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शासन से नामित तीन सभासद सुकुमाल सिंह, नरेंद्र गोयल और सलेक वाल्मीकि को एसडीएम ऊन उद्भव त्रिपाठी ने शपथ दिलाई। गन्ना मंत्री ने एसडीएम उद्भव त्रिपाठी और अधिशासी अधिकारी अंशुमान सिंह को कोरोना योद्धा के सम्मान का प्रतीक प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। संचालन पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष नीरज जैन ने और अध्यक्षता चेयरमैन अली हसन ने की। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र तोमर, नरेश कुमार सैनी, भूपेंद्र सिंह, बबल कुरेशी, राजेंद्र शर्मा, नरोत्तम गर्ग, सावेज आलम, अतीक खान, विजेंद्र सिंह आदि रहे।