फैनी और खजले पर कोरोना की मार
शामली, कैराना। दो साल पहले तक रमजान के महीने में शाम होने से पहले ही फैनी और खजले की दुकानों पर रोजेदारों की भीड़ लग जाती थी, लेकिन इस साल इनकी दुकानों पर दुकानदार खाली बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
रमजान के महीने में सुबह सहरी में दूध में फैनी व खजला डालकर खाना रोजेदारों की पसंद है। पिछले साल भी रमजान के महीने में लॉकडाउन लगा था। इस बार रमजान में कोरोना का खतरनाक रूप सामने आ रहा है, जिसके चलते फैनी व खजला बेचने वाले दुकानदार हाथ पर हाथ रखकर खाली बैठे हैं। चौक बाजार में खजले की दुकान करने वाले इंतजार मलिक ने बताया कि पिछले दो साल पहले के मुकाबले इस बार केवल 20 प्रतिशत ही ग्राहक आ रहे है। कोरोना के कारण काम पर बहुत असर पड़ा है।