शामली। बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोच रोड निर्माण कार्य में हीलाहवाली की जा रही है। अभी तक सिर्फ मिट्टी डालकर समतल करने का कार्य पूरा किया गया है। इसके चलते मार्च में कार्य पूरा नहीं हो सकेगा। निर्माण कार्य पूरा होने में अभी समय लग सकता है। कार्य बंद होने के मामले में एडीएम एनएचएआई बागपत के परियोजना निदेशक को नोटिस जारी करेंगे।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे के शामली बाईपास में बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोच रोड का निर्माण न होने से परियोजना पिछले कई वर्षों से लेट होती जा रही है। बलवा उपरिगामी पुल की रेलवे, बिजली की समस्या का समाधान के बाद भी परियोजना पूरी करने में निर्माण एजेंसी की ओर से कार्य धीमी गति से किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी पहले खराब मौसम बताकर परियोजना लेट होना बता रही थी। अब मौसम साफ हो गया है तो निर्माण एजेंसी बलवा में मिट्टी-रोड़ी, बंजरी के कार्य तक रह गई है।
बागपत एनएचएआई के प्रभारी राजन पांडे ने बताया कि बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोज को काला करने का कार्य पूरा करने के लिए 29 फरवरी का लक्ष्य दिया गया है। काम बंद होने के मामले की जानकारी नहीं है। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डीएम की अध्यक्षता में एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंंद्र कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि इसी माह बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोच रोड को काला करने का कार्य पूरा करके दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे के शामली बाईपास को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। काम बंद होने और परियोजना को लेट करने के मामले में बागपत एनएचएआई के परियोजना निदेशक को नोटिस जारी किया जाएगा। बंद परियोजना के कार्य में तेजी लाने और पूरा नहीं करने की जानकारी ली जाएगी।