शामली। मेरठ-करनाल हाइवे पर काबड़ौत कृष्णा नदी पर फोरलेन पुल का निर्माण एक माह में शुरू हो जाएगा और डेढ़ साल में निर्माण पूरा हो जाएगा। वहीं, गांव सल्फा में कृष्णा नदी पर दो लेन का पुल एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसी सिलसिले में बुधवार को उत्तर प्रदेश सेतु निगम की टीम ने काबड़ौत पुल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
बुधवार को उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक जेपी राणा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह, सहायक अभियंता सेतु निगम गिरिराज चौहान के साथ मेरठ- करनाल हाइवे पर काबड़ौत कृष्णा नदी पुल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। परियोजना प्रबंधक जेपी राणा ने बताया कि मेरठ- करनाल मार्ग पर काबड़ौत कृष्णा नदी पर फोरलेन पुल और कांधला क्षेत्र के सल्फा गांव में कृष्णा नदी पर दो लेन पुल का निर्माण कराने के लिए साइट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसके बाद डिजाइन तैयार किया जाएगा। यह कार्य 25 अप्रैल तक पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद मई के प्रथम सप्ताह में दोनो पुल का स्टीमेट बनाकर विभाग को भेजा जाएगा। धनराशि प्राप्त होने पर निर्माण प्रारंभकराया जाएगा।
बाईपास का काम करेगा सल्फा का पुल
लोनिवि के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह ने बताया कि कृष्णा नदी पर सल्फा गांव में बनने वाला दो लेन का पुल बाईपास का काम करेगा। इस पुल का निर्माण होने से सल्फा गांव से दिल्ली- यमुनोत्री पर लोग आ जा सकेंगे। सल्फा गांव से हसनपुर व लिसाढ़ होकर मेरठ -करनाल मार्ग पर आवागमन होगा, जिससे शामली शहर में आने वाले वाहनों की संख्या कम होगी और जाम नहीं लगेगा।
इनका भी होगा निर्माण
शामली। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के मेरठ परियोजना प्रबंधक जेपी राणा ने बताया कि सहारनपुर जिले में सुंदरपुर-नौरंगपुर- जासमौर मिर्जापुर मार्ग पर लालो नदी पर सेतु, मुजफ्फरनगर जिले में जानसठ-मीरापुर मार्ग पर कवाल के निकट गंग नहर पर सेतु, बागपत जिले में हिंडन नदी पर गढी कलंजरी गांव के सेतु व पहुंच मार्ग के लिए सेतु के लिए 20- 20 लाख रुपये की धनराशि प्रत्येक सेतु के लिए मांगी जाएगी।
रंग लाया जनप्रतिनिधियों का प्रयास
मेरठ-करनाल हाइवे पर काबड़ौत कृष्णा नदी पुल संकरा है। इस कारण यहां हादसे होते रहते हैं और ट्रैफिक जाम की वजह से भी लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं। इसी के चलते गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, भाजपा के शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने भी इस पुल का चौड़ीकरण कराने के लिए प्रयास किया। सीएम और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात करके यह मांग उठाई गई थीं। उसी का असर है कि काबड़ौत कृष्णा नदी पर फोरलेन पुल के साथ ही सल्फा गांव में कृष्णा नदी पर दो लेन पुल का निर्माण को शासन ने स्वीकृति दे दी और निर्माण की कवायद भी प्रारंभ हो गई है।