शामली। मेरठ- करनाल हाईवे और पानीपत खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले टपराना- कंडेला बाईपास का निर्माण कार्य 30 जून तक पूरा हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के बाद आम नागरिकों के लिए इसे खोल दिया जाएगा। इस बाईपास का कार्य पूरा होने के बाद शामली में रिंग रोड पूरी हो जाएगी और शामली को जाम से पूरी तरह मुक्ति मिल सकेगी।
जिला मुख्यालय पर मेरठ-करनाल, दिल्ली-शामली, सहारनपुर और पानीपत-खटीमा हाईवे के प्रस्तावित शामली बाईपास के ज्यादातर कार्य पूरे हो चुके हैं। मेरठ- करनाल हाईवे और पानीपत-खटीमा हाईवे को जोड़ने वाले कंडेला- टपराना बाईपास का निर्माण कार्य पिछले एक साल से तेजी से चल रहा है। एक साल में छह उपरिगामी पुलों में से तीन पुलों का लिंटर का कार्य पूरा हो चुका है। तीन उपरिगामी पुलों पर गार्डर रखकर लिंटर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हिसार की निर्माण एजेंसी की ओर से कंडेला और टपराना में गोल चक्कर प्रस्तावित है। कंडेला में गोल चक्कर का डिजाइन तैयार कर दिया है। कंडेला- टपराना बाईपास का निर्माण करने वाली कंपनी के प्रोजेक्ट मेनेजर घनश्याम सिंह ने बताया कि कंडेला- टपराना बाईपास पर तारकोल डालकर काला करने का कार्य मई तक पूरा कर लिया जाएगा।
एनएचएआई की मंजूरी के बाद कंडेला में शुरू होगा उपरिगामी पुल का निर्माण
कंडेला में उपरिगामी पुल की ऊंचाई बढ़ाने के लिए हिसार की निर्माण एजेंसी ने प्रस्ताव बागपत एनएचएआई को भेज दिया है। एनएचएआई की ओर से डिजाइन की स्वीकृति मिलने के बाद कंडेला में उपरिगामी पुल का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।