शामली। जिला मुख्यालय के लिए आरक्षित 265 एकड़ भूमि पर अफसरों की टीम ने कलक्ट्रेट, विकास भवन, बेसिक शिक्षा कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय, जिला अस्पताल की भूमि की पैमाइश कर निशानदेही की।
रविवार को डीएम ओपी वर्मा के निर्देश पर एसडीएम सदर श्याम अवध चौहान के नेतृत्व में गठित कई विभागों के अधिकारियों व राजस्व टीम ने पूर्वी यमुना नहर के किनारे जिला मुख्यालय की 265 एकड़ आंवटित भूमि की पैमाइश करते हुए निशानदेही की।
डीआरडीए के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल ने बताया कि जिला मुख्यालय की आरक्षित भूमि में जिला अस्पताल, विकास भवन का निर्माण कार्य पहले ही आवंटित भूमि में शुरू हो चुका है। कलक्ट्रेट, बेसिक शिक्षा कार्यालय एवं निर्वाचन कार्यालय को आवंटित भूमि की पैमाइश कर निशानदेही कर दी गई है। इसकी रिपोर्ट डीएम ओपी वर्मा को भेज देंगे। टीम में पीडब्ल्यूडी के एई ललित कुमार अग्रवाल, तहसीलदार वीरेंद्र मित्तल, पूर्वी यमुना नहर खंड के जिलेदार अंबुज कुमार व कानूनगो-लेखपालों की टीम मौजूद रही।