कलंदरशाह में पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस कार्यकर्ता
शामली। जिला कांग्रेस कमेटी और जिला सेवादल कमेटी के कार्यकर्ता मोहल्ला कलंदरशाह में वांछित आरोपी के पिता की सदमे से मौत होने के मामले में पीड़ित परिवार से मिले और मामले की जानकारी ली।
शहर के मोहल्ला कलंदरशाह में रविवार को कोतवाली पुलिस वांछित चल रहे आरोपी सावेज उर्फ मुन्ना के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा करने गई थी। पुलिस टीम नोटिस चस्पा कर लौट गई। इसके बाद आरोपी के पिता सदाकत की हालत बिगड़ गई और उनकी हृदयाघात से मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस पर नाजायज दबाव बनाने की वजह से सदाकत की मौत होना बताते हुए हंगामा किया था। बाद में अधिकारियों के जांच कराने का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ था। सोमवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक सैनी, कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कांबोज, अरविंद झंझोट, धीरज उपाध्याय आदि मोहल्ला कलंदरशाह में पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से कहा कि पुलिस-प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच कराई जा रही है। इसलिए सभी लोग शांति बनाकर रखे।
दो युवकों से की मारपीट
शामली। गांव टिटौली निवासी रोहित ने थाना आदर्श मंडी में तहरीर देकर बताया कि सोमवार को वह अपने चचेरे भाई मोहित के साथ बस में सवार होकर शामली से गांव लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के दो युवकों ने बस में उनके साथ गालीगलौज की और अपने साथियों के साथ बुलाकर उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।