झिंझाना मेरठ करनाल हाईवे स्थित पटनी परतापुर टोल प्लाजा के कार्यालय में कर्मचारियों का घेराव करत
शामली, झिंझाना। पटनी परतापुर टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा क्षेत्रवासियों के साथ आए दिन की जा रही अभद्रता से नाराज कांग्रेसियों ने प्रदेश महासचिव अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में टोल कर्मियों का घेराव कर क्षेत्रवासियों को निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंगलवार शाम को टोल प्लाजा पर एक कर्मचारी के द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता अश्वनी शर्मा के साथ बदसलूकी की गई थी। मामले का पता चलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।
बुधवार सुबह कांग्रेस नेता अश्वनी शर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचे। कांग्रेसी नेता टोल प्लाजा पर उपस्थित टोल कर्मियों को घेर कर बैठ गए जिसकी वजह से काफी देर तक कार्य बाधित रहा।
कांग्रेसी उक्त टोल कर्मी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। टोल कर्मियों के द्वारा दिए गए भूल सुधारने के आश्वासन पर कांग्रेस कार्यकर्ता शांत हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों का सम्मान सर्वोपरि है। सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। कोई भी कर्मचारी कांग्रेसियों को हल्के में लेने का प्रयत्न न करे।
कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गोल्डी, अश्वनी कौशिक, नासिर चौधरी, ज़ुबैर चौधरी, रिजवान मंसूरी, मनीष तोमर, मैनपाल ऊदपुर, खुशवंत सिंह, विपिन गुर्जर, अनुज तोमर आदि मौजूद रहे।