- बारिश के चलते संक्रामक रोगों के बढ़ने का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की तैयारी
- सात से 21 अक्तूबर तक चलाया जाएगा दस्तक अभियान, 11 विभागों का लिया जाएगा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। बारिश के चलते जिले में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ गया है। संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर एक अक्तूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह और सात अक्तूबर से दस्तक अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारी में जुटा हुआ है। अभियान की सफलता व बीमारियों की रोकथाम के लिए 11 अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा।
जिले में कई दिन से बारिश हो रही है। बारिश होने से संक्रामक रोग वायरल बुखार, टायफाइड, डेंगू, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, टीबी आदि फैलने की आशंका बन गई है। इस मौसम में बीमारियों की रोकथाम के लिए शासन के निर्देश पर एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण माह चलाया जाएगा। इस माह के तहत लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही सात अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा।
इस दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेगी और लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार कर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध कराकर उपचार दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें, कृषि, पशु चिकित्सा, उद्यान विभाग, समाज कल्याण व बाल विकास पुष्टाहार समेत 11 विभाग का सहयोग लिया जाएगा। इन विभागों को 27 सितंबर तक अपनी कार्य योजना बनाकर सीएमओ कार्यालय को देनी होगी। स्वास्थ्य विभाग इस कार्यक्रम की तैैयारियों में जुटा हुआ है।
कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम जसजीत कौर ने संचारी रोग नियंत्रण माह को लेकर अंतरविभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर उनकी जिम्मेदारी तय की। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे इस अभियान में विशेष रूचि लेकर सफल बनाएं। सभी विभाग अपनी कार्य योजना समय पर बनाकर सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर सीएमओ संजय अग्रवाल, वेक्टर बोर्न के नोडल अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी, एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार, डीपीएम आशुतोष श्रीवास्तव, महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. शाइस्ता नाज, वीबीडी कंसलटेंट राजेश कुमारी, एलए अवधेश वाड़ेकर, डीआईओएस सरदार सिंह, डॉ. महिमा, डॉ. करन चौधरी, निकायों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।