कैराना। डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए 3 से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके रूपरेखा तैयार कराई।
बुधवार को एसडीएम कार्यालय पर एसडीएम स्वप्निल यादव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. शैलेंद्र चौरसिया ने बताया कि 16 अक्तूबर से दस्तक अभियान के तहत आशा और आगनबाड़ी घर-घर जाकर बुखार, मलेरिया के मरीजों का सर्वे करेगी। एसडीएम ने कहा कि गांव दर गांव साफ-सफाई, झाड़ियोंं को कटवाने, गंदगी इकट्ठा नही होने देने के लिए गांव में ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित करके जागरुकता लाई जाए, ताकि डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारी की रोकथाम हो। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आनंद कुमार, ब्लाॅक कार्यक्रम अधिकारी अतुल गर्ग उपस्थित रहे।