लॉकडाउन में आम नागरिक मिलें बेहतर सुविधाएं
शामली। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जिले की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
मंगलवार को बैठक के दौरान सीएमओ डाक्टर संजय भटनागर ने गन्ना मंत्री को जानकारी दी कि जिले में कुल 2055 नागरिकों को क्वारंटीन किया गया है, जिनमें से 102 विदेशी हैं। जिसमें 12 नागरिकों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मंगलवार को कैराना निवासी शाहनवाज के डिस्चार्ज होने के बाद जनपद में कुल 11 नागरिक कोरोना पॉजिटिव बचे हैं। जिला हॉस्पिटल में 35 नागरिकों को क्वारंटीन किया गया है, ये नागरिक कोरोना पॉजिटिव जमातियों के संपर्क में थे। 164 नागरिकों के कोरोना वायरस के टेस्ट हुए हैं, जिनमें से 152 नागरिकों की रिपोर्ट आई है। उनमें 12 नागरिकों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। अभी 12 नागरिकों की रिपोर्ट आनी शेष है। गन्ना मंत्री ने विधानसभा वार दो-दो अतिरिक्त गाड़ियां बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।
डीएसओ हरिओम उपाध्याय को मंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी गरीब व पात्र व्यक्ति राशन वितरण में छूट न जाए। डीएसओ ने कहा कि जनपद में कुल 2,17,380 राशन कार्ड हैं, जिनमें से 1,62,971 ग्रामीण और 54,409 शहरी क्षेत्र के राशन कार्ड धारक हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 84.17 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र में 91.09 प्रतिशत राशन का वितरण हो चुका है। जिले में मनरेगा, श्रम विभाग में पंजीकृत 43,619 परिवारों को भी मुफ्त में राशन वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अभी राशन नहीं लिया है वह नागरिक भी सोशल डिस्टेंसिंग का प्रयोग कर अपने क्षेत्र के राशन डीलरों से अपना खाद्यान्न ले सकते हैं। समीक्षा बैठक में एमएलसी वीरेंद्र सिंह, डीएम जसजीत कौर, एसपी विनीत जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर, प्रसन्न चौधरी, सीएमओ डॉक्टर संजय भटनागर, डीएसओ हरिओम उपाध्याय उपस्थित रहे।