कैराना। कैराना ब्लाक की 38 ग्राम पंचायतों की पहली बैठक में छह समितियों का गठन किया गया। इनमें तीन समितियों के अध्यक्ष ग्राम प्रधान को बनाया गया।
कैराना ब्लाक की कुल 42 ग्राम पंचायतों में से 38 ग्राम पंचायतों के शपथ ग्रहण के बाद बृहस्पतिवार को सभी 38 ग्राम पंचायतों की पहली बैठक हुई। बैठक में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता वाली तीन समितियों प्रशासनिक समिति, नियोजन एवं विकास समिति और शिक्षा समिति के अलावा तीन अन्य समितियों जल प्रबंधन समिति, निर्माण समिति व स्वास्थ्य एवं कल्याण समितियों का गठन किया गया। प्रत्येक समिति में छह-छह सदस्य रखे गए। जल प्रबंधन समिति, निर्माण समिति व स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति में छह सदस्यों में से ही एक सदस्य को आम सहमति से सभापति बनाया गया।
ग्राम सचिव ने गांवों की बिजली, पानी व साफ सफाई की समस्याओं की जानकारी ली। खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया के सभी पंचायत सदस्यों को स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के फोन नंबर देकर कहा गया कि सभी सदस्य अपने अपने वार्डों में साफ सफाई, मास्क व सैनिटाइजर के अलावा ग्रामीणों को कोविड गाइड लाइन का पालन कराने के लिए जागरूक करें।