दोहरे हत्याकांड के आरोपी के करीबी से पूछताछ
कैराना (शामली)/मेरठ। दो युवतियों की हत्या के मामले में पुलिस को आर्यपुरी बंजारा बस्ती निवासी युवक की तलाश है। जिसके लिए पुलिस लगातार दबिश डाल रही है। वहीं पुलिस ने हत्याकांड की जानकारी के लिए युवक के एक करीबी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
20 मई की शाम जगनपुर के जंगल में श्यामलाल के ईख के खेत में दो अज्ञात युवतियों के खून से लथपथ शव मिले थे। दोनों के ही सिर पर धारदार हथियारों से वार करके हत्या की गई थी। शव मिलने के 72 घंटे बाद शनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने दोनों युवतियों के शवों को शामली में दफना दिया था। शनिवार को मेरठ व शामली फोरेंसिक विभाग की टीम को आर्यपुरी बंजारा बस्ती के एक मकान में मानव रक्त जैसे दिखने वाले धब्बे मिले थे, जबकि मकान मालिक पुलिस के आने से पहले ही मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित लापता था। फोरेंसिक टीम को मकान मेें काफी सुराग मिलने के बाद फरार मकान मालिक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अन्य प्रदेशों के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी दबिश डाल रही है। मकान मालिक से पूछताछ के बाद असलियत का पता चल सकेगा। उधर, बृहस्पतिवार को पुलिस ने मकान मालिक के करीबी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस को हत्या के संबंध में जानकारी मिलने की उम्मीद है।