शामली। कैराना कोतवाली में तैनात एंटी रोमियो प्रभारी महिला दरोगा के शोषण के मामले में जिला मुख्यालय अटैच किए गए कैराना कोतवाल प्रेमवीर राणा को जांच में क्लीन चिट दे दी गई है। एसपी ने रिलीव होने से पहले उन्हें कैराना कोतवाली वापस भेज दिया है। जबकि महिला दरोगा को कैराना से हटाकर महिला थाने में नियुक्त किया गया है।
17 नवंबर को कैराना कोतवाली में तैनात महिला दरोगा अंजू ने डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल को शिकायत कर कैराना कोतवाल प्रेमवीर राणा पर शोषण का आरोप लगाया था। महिला दरोगा की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। डीएम जसजीत कौर व एसपी नित्यानंद राय ने महिला दरोगा का पक्ष सुनने के बाद इसकी जांच एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को सौंपी थी। एसपी ने इस प्रकरण की जांच पूरी होने तक कोतवाल को पुलिस कार्यालय और महिला दरोगा को महिला थाने संबद्ध कर दिया था।
बताया गया है कि जांच में कैराना कोतवाल प्रेमवीर राणा को क्लीन चिट मिल गई है। एसपी नित्यानंद राय ने तबादले के बाद जनपद से रिलीव होने से पहले प्रेमवीर राणा को वापस कैराना कोतवाली भेज दिया है। बुधवार को उन्होंने कैराना पहुंचकर कोतवाली का चार्ज संभाल लिया। उधर, दरोगा अंजू को कैराना से हटाकर महिला थाने में नियुक्त किया है। महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने बताया कि दरोगा अंजू की महिला थाने पर तैनात किए जाने के आदेश प्राप्त हो गए हैं। उधर, कोतवाल प्रेमवीर राणा का कहना है कि महिला दरोगा द्वारा उन पर लगाए आरोपों की जांच में पुष्टि नहीं हुई है।