शामली। शारदा कार्यक्रम के दूसरे चरण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ईंट भट्ठों पर पहुंचकर ड्राप आउट बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने परिवारों को अपने बच्चों को विद्यालयों भेजने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान संविलियन विद्यालय बरलाजट में पांच बच्चों का नामांकन कराया गया।
शासन ने छह से 14 साल तक के बच्चों को विद्यालय में दाखिला दिलाने के लिए शारदा कार्यक्रम दो चरणों में चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पहला चरण एक सितंबर से 14 नवंबर तक चलाया गया। पहले चरण में विभागीय टीमों द्वारा घर-घर जाकर ड्राप आउट बच्चों की तलाश कर उनका नजदीक के विद्यालयों में नामांकन कराया गया। दूसरा चरण 15 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 31 नवंबर तक चलेगा। इस चरण में ईंट भट्ठों पर रहने वाले परिवारों के बच्चों को चिह्नित कर उन्हें विद्यालय में नामांकित कराया जाना है।
बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा और सामुदायिक सहभागिता बेसिक शिक्षा के जिला समन्वयक अमित कुमार ने गांव बरलाजट में ईंट भट्ठे पर पहुंचकर वहां रहने वाले परिवारों से बच्चों के बारे में जानकारी ली। बीएसए ने परिवारों को शिक्षा का महत्व बताते हुए बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। जिला समन्वयक ने बताया कि इस दौरान ड्राप आउट पांच बच्चों का संविलियन विद्यालय बरलाजट में नामांकन कराया है।