कैराना। तालाब में नहा रहे आठ वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चा सुबह के समय घर से गया था, शाम तक परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। बाद में उसका शव तालाब में मिला। गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
मोहल्ला पीरजादगान निवासी अब्दुल का आठ वर्षीय पुत्र बहाव रविवार शाम नवाब तालाब के बराबर में बने एक छोटे तालाब में नहाने गया था। देर शाम तक भी बालक घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। देर शाम कुछ अन्य बच्चे भी तालाब में नहाने लगे। नहाते समय एक बच्चे का पैर बहाव के शव से टकरा गया।
जिस पर बच्चों ने शोर मचा दिया। मौके पर लोग एकत्र हो गए और बालक के शव को बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी वहां पहुंच गए। बालक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जिसके बाद परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। उधर, बालक का पिता अब्दुल सोमवार सुबह कोतवाली पहुंचा और विरोधियों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगा दिया। कुछ देर बाद ही उसके परिजन भी थाने पहुंच गए और अब्दुल को समझाकर कोतवाली से घर ले आए।
वहीं, कैराना में रविवार रात मोहल्ला छड़ियान गुली पर भैंस बांधने के विवाद में अय्यूब और महबूब पक्ष के बीच जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले थे। मामले में पुलिस ने एक पक्ष के शाहिद, साजिद, तालिम व अय्यूब तथा दूसरे पक्ष के महबूब, मंसूर, ताहिर व शोएब का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।