शामली। तीन दिन मौसम साफ हो जाने के बाद मंगलवार से मौसम का मिजाज फिर बदल गया। सुबह के समय हल्का कोहरा रहा, जिसके चलते अजमेर, हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं।
मंगलवार सुबह अजमेर से हरिद्वार जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस पौने तीन घंटे विलंब से पहुंची। अजमेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन का शामली पहुंचने का समय सुबह 6:20 बजे है। सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस का शामली रेलवे स्टेशन पर 7:30 बजे का है। यह एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 8:15 बजे पहुंची।
दिल्ली से सुबह 7:30 बजे चलकर शामली होकर सहारनपुर जाने वाली लाल ट्रेन का शामली पहुंचने का समय 10:50 बजे है। यह एक घंटा लेट 11:50 बजे शामली पहुंची। सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली लाल ट्रेन एक घंटे बाद शामली पहुंची।
वहीं, कोहरे से रोडवेज बसे प्रभावित रहीं, लेकिन सुबह दस बजते कोहरा साफ हो गया। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विवि मेरठ के मृदा विभाग की अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार अहलुवालिया ने बताया कि छह, सात जनवरी को बूंदाबांदी की संभावना है, जिसके बाद सर्दी और बढे़गी।