थानाभवन (शामली)। शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे हरिद्वार में स्थित भगवानपुर की सीमेंट फैक्टरी से हरिद्वार निवासी आलिम सीमेंट लोड कर कैराना जा रहा था। जब वह कस्बा थानाभवन में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मंदिर आश्रम पंचतीर्थी के निकट पहुंचा। तभी केबिन में शार्ट सर्किट के कारण अचानक से आग लग गई। ट्रक चालक ने कूदकर जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग की सूचना पुलिस को दी गई। लोगों व पुलिस की मदद से मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। आग लगने से ट्रक का केबिन जलकर राख हो गया। ट्रक चालक की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी है।