जिले में नहीं होंगे सीबीएसई 12वीं के ऑनलाइन प्रैक्टिकल
शामली। सीबीएसई 12वीं के प्रैक्टिकल जिले के सभी विद्यालयों में कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने से पहले ही फरवरी में पूरे हो चुके थे। विद्यार्थियों व स्कूलों के लिए राहत की बात ये है कि प्रैक्टिकल किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन नहीं देना पड़ेगा।
सीबीएसई ने 12वीं के बच्चों के लिए प्रैक्टिकल, आंतरिक मूल्यांकन, प्रोजेक्ट, वायवा ऑनलाइन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी स्कूलों को 28 जून तक बोर्ड के दिए लिंक पर अंक अपलोड करने के लिए कहा है। जनपद शामली में कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने से पहले ही 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं करा ली गई थीं। इस संबंध में प्रधानाचार्यों से बात की गई तो उनका कहना था कि कोई छात्र किसी कारणवश रह गया होगा तो उसकी प्रयोगात्मक परीक्षा ऑनलाइन करा दी जाएगी।
स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या एवं सीबीएसई की जिला नोडल अधिकारी आशु त्यागी ने बताया कि उनके विद्यालय सहित जनपद के लगभग सभी स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षा फरवरी माह में पूरी करा ली गईं थी। उस समय कोरोना का प्रभाव कम होने के कारण स्कूल खुले हुए थे। बोर्ड को अंक भी भेजे जा चुके हैं। कोई छात्र किसी कारणवश उस समय प्रयोगात्मक परीक्षा देने से रह गया है तो उसकी परीक्षा ऑनलाइन करा दी जाएगी।
सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली के प्रधानाचार्य डॉ. एके गोयल ने बताया कि स्कूल में 12वीं के सभी बच्चों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी से शुरू होकर फरवरी तक पूरी हो गईं थीं। बोर्ड को अंक भेजे जा चुके हैं। महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल शामली के प्रबंधक श्यामपाल सिंह ने बताया कि स्कूल में सभी बच्चों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं करा ली गईं हैं। अब ऑनलाइन कराने की जरूरत नहीं है। रॉक गोल्ड एकेडमी के चेयरमैन सुनील गोयल ने बताया कि सीबीएसई 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने से पहले फरवरी में हो गई थीं। अब बच्चों को इस बात की राहत है कि उन्हें ऑनलाइन प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं देनी पड़ेगी।