जलालाबाद। घर के बाहर सड़क पर खड़े ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी कर रहे ट्रक चालक को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जलालाबाद के गंगोह रोड निवासी अशरफ, अहसान, रिजवान के ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के बाहर सड़क पर खड़े थे। रविवार रात वहां एक ड्राइवर ने अपना ट्रक सड़क किनारे खड़ा करके अशरफ के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर अपने ट्रक में रख ली। इसके बाद अन्य ट्रैक्टरों से भी बैटरी चुरा रहा था। उसी समय ट्रैक्टर मालिक अशरफ को कुछ आशंका हुई। वह घर से बाहर निकला तो उसने रिजवान के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करते देख शोर मचा दिया। आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर पैदल भागने लगा। अशरफ ने हिम्मत दिखाकर उसे पकड़ लिया। इस पर शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। पकड़े गए ट्रक ड्राइवर को पुलिस को सौंप दिया। उसने अपना नाम सूरज बताया। उसने बताया कि वह यमुनानगर से ट्रक में माइका लेकर भरकर हापुड़ जा रहा था। ट्रैक्टर मालिक अशरफ, अहसान व रिजवान ने थाने में तहरीर दी है। संवाद