कैराना में कालाबाजारी के लिए हरियाणा ले जाया जा रहा सरकारी राशन पकड़ने के बाद जानकारी लेते आपूर्
- फोटो : SHAMLI
कैराना। आपूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को खुरगान चौराहे से सरकारी राशन से लदीी एक गाड़ी को पकड़ ली। मौके से गाड़ी चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि राशन माफिया फरार हो गया। आपूर्ति निरीक्षक ने सरकारी राशन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल को शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि राशन माफिया गाड़ी में सरकारी राशन भरकर हरियाणा ले जाने वाले हैं। जिसके बाद आपूर्ति निरीक्षक खुरगान चौराहे पर आरोपियों को पकड़ने के लिए पहुंच गए। कुछ ही देर बाद राशन से भरी एक पिकअप गाड़ी कस्बे की ओर से आती दिखाई दी। कुछ दूरी पर जाकर आपूर्ति निरीक्षक ने गाड़ी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर करीब 50 बोरे सरकारी चावल के भरे मिले। आपूर्ति निरीक्षक ने मौके पर पकड़े गए गाड़ी के चालक से राशन से संबंधित कागज मांगे लेकिन चालक कागज नहीं दिखा सका। जिसके बाद गाड़ी को कोतवाली लाया गया। जहां पर आपूर्ति निरीक्षक ने मुख्य आरोपी मैसूब निवासी ग्राम तीतरवाड़ा थाना कैराना व गाड़ी चालक जानिब निवासी ग्राम बलवा थाना शामली के खिलाफ डीएम की संस्तुति के बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि सरकारी राशन से भरी गाड़ी के अंदर करीब 50 बोरे चावल के मिले हैं। जिनमें करीब 25 क्विंटल सरकारी चावल हैं। पकड़े गए राशन को राशन डीलर पुष्पा देवी के सुपुर्द किया गया है।
माफिया के इशारे पर रास्ते में रोकी राशन से भरी गाड़ी
खुरगान चौराहे से आपूर्ति निरीक्षक सरकारी चावल से भरी गाड़ी को पकड़कर कोतवाली ले जाने लगे। तभी पीछे से काली स्प्लेंडर पर राशन माफिया मैसूब गाड़ी का पीछा करता रहा। खुरगान रोड पर कुछ दूर चलने के बाद राशन माफिया के इशारे पर चालक ने गाड़ी को रास्ते में रोक दिया। जिसके बाद आपूर्ति निरीक्षक ने एसडीएम संदीप कुमार को सूचना दी। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी व चालक को कोतवाली लेकर आई। राशन माफिया की हठधर्मिता के कारण राशन से भरी गाड़ी को कोतवाली तक आने में करीब एक घंटे का समय लगा।
राशन की कालाबाजारी में कई अन्य लोग शामिल
लॉकडाउन से आज तक सरकार ने गरीब परिवारों को मुफ्त राशन देने की योजना चला रखी हैं। जिस कारण हर माह गरीबों को मुफ्त अनाज, चावल, चना, तेल, नमक आदि खाद्य सामान दिया जा रहा है। कैराना व कांधला में राशन माफिया सरकारी राशन की जमकर कालाबाजारी कर रहे हैं। बताया गया कि कांधला व कैराना के कुछ लोग राशन माफिया के साथ सरकारी राशन की कालाबाजारी को अंजाम देने में जुटे हुए हैं।