कांधला के गांव गंगेरू मे फर्जी मतदान करने के आरोपियो से पुछताछ करते पुलिसकर्मी
- फोटो : SHAMLI
शामली/कैराना/कांधला/थानाभवन। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल और अन्य अधिकारी दिनभर मतदान केंद्रों का निरीक्षण का व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। भैंसानी इस्लामपुर और इस्लामपुर घसौली में कुछ युवक और युवतियों को फर्जी मतदान करने जाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने हिदायत देकर इन लोगों को घर लौटाया।
एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने संवेदनशील कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव भी दिनभर मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। कैराना में गांव जहानपुरा व बदलूगढ़ के बूथ पर दो किशोर मतदान करने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनकी आईडी चेक की। दोनों किशोरों की उम्र कम पाई गई और उनके पास वोटर पर्ची अन्य युवकों के नाम से मिली। पुलिस ने हिदायत देकर दोनों किशोरों को मौके से भगा दिया।
थानाभवन के भैसानी इस्लामपुर और हसनपुर लुहारी गांव में मतदान केंद्रों के बाहर भीड़ जमा होने पर पुलिस ने उन्हें हटाया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि भैंसानी इस्लामपुर गांव में पुलिस ने फर्जी मतदान करने जा रहे तीन युवकों साबिर, शहबाज, व सादाब को पकड़ लिया। इसी दौरान पुलिस ने वोट डालने के लिये जा रही तीन लड़कियों को रोककर जांच की तो पता चला कि तीनों नाबालिग है और किसी दूसरे का वोट डालने जा रही थी। पुलिस ने तीनों लड़कियों को सख्त चेतावनी देकर वापस भेज दिया।
कांधला क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में कुछ लोग फर्जी मतदान करने का प्रयास कर रहे है। ग्रामीणों को वोट नहीं डालने दे रहे है। पुलिस ने गांव में पहुंचकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को पकड़ कर थाने ले गई।
किसी ओर ने डाल दी वोट
कांधला क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना में दंगा विस्थापित कय्यूम, अकबर, मोहसीन, राजू आदि ने थाना प्रभारी निरीक्षक को बताया कि 2013 में हुए दंगे के बाद वह गांव असदपुर जिडाना में आकर बस गए थे। उनकी वोट गांव में ही बन गई थी। जब वह मतदान करने के लिए अपने बूथ पर गए तो उनकी वोट पहले ही किसी व्यक्ति के द्वारा डाल दी। निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत की गई।