घर के ताले तोड़कर नगदी और गहने चोरी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के मोहल्ला वेद विहार में फौजी के बंद मकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नगदी व गहने चोरी कर लिए। फौजी परिवार के साथ अपने गांव गया था।
शहर की वेद विहार मोहल्ला निवासी विपिन कुमार सेना के दिल्ली मुख्यालय में तैनात है। उनका परिवार शामली में रहता है। चार दिन पूर्व वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ अपने पैतृक गांव ताना गए थे। रविवार को वह लौटकर आए तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने घर में रखे करीब 25 हजार रुपये नगद, सोने चांदी के गहने समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। विपिन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर घटना की जानकारी ली। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष संदीप बालियान ने बताया कि विपिन कुमार परिवार समेत अपने गांव ताना गए थे। उनके पीछे ताला तोड़कर घर में चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।