कैराना। थानाक्षेत्र के बुच्चाखेड़ी में तीन घरों में चोरी के मामले में पुलिस कोई सुराग नहीं तलाश पाई कि दूसरे दिन रविवार रात को गांव भूरा में चोरों ने सेवानिवृत्त फौजी के घर में घुसकर बेटी की शादी के लिए बनवाएं दो लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर और 1.15 लाख की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने अन्य दो घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर सफल नहीं हो सके। सूचना पर पुलिस व फाॅरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव भूरा निवासी सेवानिवृत्त फौजी ब्रह्म सिंह अपनी पत्नी गीता के साथ रहते हैं। उनके इकलौते पुत्र राजन की करीब पांच माह पहले बुखार से मौत हो गई थी। ब्रह्म सिंह ने अपनी पुत्री की शादी के लिए जेवर बनवा रखे थे। रविवार रात में बिजली न आने के कारण परिवार के लोग छत पर सोए हुए थे। रात में किसी समय चोर मकान के पीछे की करीब 10 फुट ऊंची दीवार फांदकर घर में घुसे। चोरों ने दूसरी मंजिल के लोहे के बड़े दरवाजे में अंदर लगे ताले को तोड़ा और कमरे में प्रवेश किया। इस दौरान अलमारी का गेट तोड़कर उसमें रखी सोने की चार अंगुठी, एक जोड़ी बाली, 10 जोड़ी चांदी की पाजेब चोरी कर ली।
चोरी गए जेवर की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा चोर एक लाख 15 हजार की नकद भी ले गए। इसके बाद चोरों ने ब्रह्म सिंह के भाई प्रमोद और पड़ोस में रहने वाले नरेश कुमार के मकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां जाग होने पर चोर भाग गए। उधर, ब्रह्म सिंह की पत्नी गीता सोमवार सुबह करीब तीन बजे पशुओं का पानी पिलाने आई तो चोरी का पता चला।
सूचना पर कोतवाली पुलिस, फाेरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और नमूने लिए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। एक स्थान पर लगे सीसीटीवी में एक चोर की फोटो पुलिस को मिली, जिसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। सीओ कैराना अमरदीप मौर्य ने बताया कि ब्रह्म सिंह की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विदित हो कि शनिवार रात को गांव बुच्चाखेड़ी में चोरों ने किसान समेत तीन घरों में करीब 13 लाख रुपये के जेवर व 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पुलिस को तीन घरों में हुई चोरी के मामले कोई सफलता हाथ नहीं लग पाई है।