दो युवकों व महिला की पिटाई के प्रकरण में मुकदमा दर्ज
कैराना। दो युवकों और एक महिला को लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने महिला समेत सात नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर एक ही मामले से जुड़े दो वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में महिला व दो युवकों की लाठी डंडों से बेरहमी से पिटाई किया जाना दिख रहा है। युवक पर एक महिला भी डंडे बरसा रही है। लाठी खाने के बाद युवक चारपाई पर बेसुध होकर गिर जाता है। इसके बाद युवक के बाल पकड़कर दोबारा चारपाई पर बैठाकर फिर डंडों से पिटाई की जाती है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले की की जांच की थी। पुलिस की जांच में वायरल वीडियो कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव तितरवाड़ा का पाया गया।
इस मामले में कैराना कोतवाली में दरोगा राजकुमार चंदेल की तरफ से अमजद, आजम, मुबारिक व नौशाद निवासी गांव तीतरवाड़ा थाना कैराना व अशरफ, शाहबो व इंशाद निवासी नगला रावती थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर और पांच-छह अज्ञात के विरुद्ध जानलेवा हमला, मारपीट बलवा आदि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पहले के है। महिला के गांव का युवक अपने साथी के साथ आया था। ससुराल वालों ने दोनों को पकड़कर बैठा लिया था। पुलिस के अनुसार युवकों व महिला से मारपीट करने वाले महिला के ससुराल व मायके वाले हैं।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया गया और इस मामले में तहरीर न आने पर पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में दो लोग हिरासत में लिए गए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।