कांधला। सहारनपुर से दिल्ली जा रही मालगाड़ी के कांधला रेलवे स्टेशन पर एक कोच के दो पहिये पटरी से उतर गए। चालक ने रेलवे स्टेशन पर ही मालगाड़ी रोक दी। दिल्ली से इंजीनियरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कराई, जिसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। बुधवार शाम करीब सात बजे सहारनपुर से दिल्ली जा रही डीएमटी मालगाड़ी कांधला रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तो एक कोच के दो पहिये पटरी से उतर गए।
घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारी रात में ही मौके पर पहुंचे। हालांकि देर रात तक मालगाड़ी के पहिये पटरी पर नहीं चढ़ाए जा सके। इस वजह से रातभर मालगाड़ी कांधला रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली से इंजीनियरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जैक की मदद से मालगाड़ी के दोनों पहिये पटरी पर चढ़वाए।
इसके बाद मालगाड़ी को दिल्ली की तरफ रवाना किया गया। टीएसआई सुनील कुमार का कहना है मालगा़ड़ी के एक कोच के दो पहिये पटरी से नीचे उतर गए थे। मालगाड़ी के कारण कोई ट्रेन लेट नहीं हुई है। ट्रेनों का आवागमन जारी रहा। तहसीलदार कैराना रणवीर सिंह ने भी मामले की जानकारी ली।
वहीं, मालगाड़ी के पहिये कांधला रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरे। यदि यह हादसा स्टेशन से पहले या बाद में हो जाता, तो दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलमार्ग पर रेल यातायात भी ठप हो जाता। चूंकि रेलवे स्टेशन पर तीन लाइनें थी, जिस कारण रेल यातायात सुचारु रहा।