कार सवार बदमाशों ने ट्रक लूटा
कैराना (शामली)। शामली रोड पर कार सवार बदमाशों ने 22 टायरा ट्रक लूट लिया। चालक एवं हेल्पर को बंधक बनाकर कार में डालकर ले गए और कांधला क्षेत्र के नाला गांव में ले जाकर छोड़ दिया। दोनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे बिजेंद्र निवासी गांव मोखरा थाना रोहतक हरियाणा अपने साथी कर्ण सिंह के साथ ऋषिकेश से खाली 22 टायरा ट्रक लेकर पानीपत जा रहा था। शुक्रवार सुबह बिजेंद्र कोतवाली पहुंचा तथा पुलिस को बताया कि शामली रोड पर कैराना से करीब दो किम पहले पीछे से एक कार आई और ओवरटेक करके ट्रक रुकवा लिया। कार सवार चार बदमाशों ने उनको ट्रक से नीचे उतार कर उन्हें कार में डाल लिया तथा दो बदमाश ट्रक लूटकर ले गए। उनके मोबाइल के सिम बदमाशों ने निकाल कर फेंक दिए। इसके बाद बदमाश उनको रात में ही कांधला क्षेत्र के गांव नाला के पास छोड़कर फरार हो गए। सू
चना पर ट्रक मालिक व बिजेंद्र का बड़ा भाई रमेश निवासी रोहतक भी कोतवाली पहुंच गया। वहीं ट्रक लूट की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम भी कोतवाली पहुंची। टीम ने चालक एवं हेल्पर से जानकारी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।