हादसे में कार सवार युवक की मौत
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव लांक मोड़ के निकट पीछे से ट्रक में टक्कर लगने से कार सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया और मौके पर खड़े ट्रक को कब्जे में ले लिया।
जिला बागपत के गांव बावली निवासी गौरव कार से सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे मेरठ से शामली की तरफ आ रहा था। जब वह शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव लांक मोड़ के निकट पहुंचा, तो आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से टक्कर होने पर कार ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में कार चला रहे गौरव की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। मौके से चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की तरफ से ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो बाइकों की भिड़ंत में तीन घायल
जलालाबाद। मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर के गांव भमेड़ी निवासी रुस्तम पुत्र जिले सिंह भगवानपुर से भैया दूज के बाद अपने घर बाइक से लौट रहा था। दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर जलालाबाद के पास गांव अलीपुर खुर्द बाइक से जा रहे मनोज व सुमित की रुस्तम की बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। बाइक सवार तीनों घायल हो गए। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना दी। मनोज व सुमित के परिजन सूचना पर मौके पर पहुंचे। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो बाइकों की भिड़ंत में महिला सहित तीन घायल
थानाभवन। गांव शामली-शामला निवासी अंकुश अपनी बहन व बहनोई को बाइक से थानाभवन छोड़ने आ रहा था। जैसे ही कस्बे के ऊन मार्ग पर स्थित बालाजी मंदिर के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे रही बाइक से अंकुश की बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में अंकुश, उसकी बहन व बहनोई घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा था।