शामली। राष्ट्रीय क्रांतिकारी संत जैन मुनि 108 तरुण सागर जी महाराज ने कड़वे प्रवचन के दौरान कहा कि आज समाज में विसंगतियां बढ़ती जा रही हैं। परिवार में कोई किसी की बात सुनने, समझने का संयम नहीं रखता, बल्कि हाजिर जवाबी हो गए हैं। बच्चों को अच्छे संस्कार दें, ताकि वह बढ़े होकर अपनी औलाद को अच्छे संस्कार दें सकें और समाज सही दिशा पर चल सके।
रविवार को शामली में रेलवे रोड पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जैन मुनि तरुण सागर महाराज ने कहा कि कभी ऐसा दौर था कि दरवाजे पर लिखा होता था अतिथि देवो भव:, मगर आज बड़े बड़े मकानों के गेट पर कुत्तों से सावधान लिखा मिलता है। परिवार में बहू सास की नहीं सुनती, तो सास बहू की नहीं।
वहीं, पति-पत्नी के रिश्तों में भी सामंजस्य नहीं है। जीवन में सुनने की आदत डालनी चाहिए। मोबाइल ने लोगों की सच्ची इस्माइल छीन ली, सिर्फ सेल्फी लेने में ही स्माइल होती है।
उन्होंने कहा कि सच्ची खुशी इंसानियत से मिलती है। लोगों को यह सोचना चाहिए कि ईश्वर ने मुझे जो दिया है, वह पर्याप्त है, क्योंकि ऐसे भी लोग हैं जिन्हें उनसे भी बहुत कम मिला है। जो लोग अमीर हो जाते हैं, उन्हें अपनी हैसियत कभी नहीं भूलनी चाहिए। उन्होंने कहा इंसान की औकात एक मुट्ठी राख से ज्यादा नहीं है।
जब इंसान मरता है, तो घर से श्मशान तक ले जाने में देर नहीं की जाती और लकड़ी के ढेर पर रखकर एक माचिस की तीली और एक लोटा घी डालकर फूंक दिया जाता है और बचती है सिर्फ एक मुट्ठी राख। मृत्यु के बाद महज चार दिन के लिए याद किया जाता है।
व्यापारियों को नसीहत देकर कहा कि व्यापार में नुकसान होने पर ज्यादा चिंतित नहीं होना चाहिए, बल्कि हंसकर कष्ट के समय को निकाल देना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि अपने बच्चों को कार दिलाएं या नहीं, मगर अच्छे संस्कार जरूर दें। प्रवचन के बाद जैन मुनि ने मंच से उतर भीड़ के बीच में पहुंचकर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
उद्घाटन राजकुमार जैन ने किया। संचालन सतीश ब्रहमचारी ने किया। इस दौरान सकल जैन समाज के पदाधिकारियों के अलावा जैन समाज की ओर से मयंक जैन, जेके जैन, मोहित जैन, अरविंद जैन, ललित जैन, पंकज जैन, मनोज कुमार जैन, श्रीपाल जैन आदि का सहयोग रहा। कार्यक्रम में भारी भीड़ पहुंची। प्रवचन से पूर्व स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राजनीतिक लोगों ने लिया आशीर्वाद ः जैन मुनि तरुण सागर महाराज के कड़वे प्रवचन के दौरान राजनीतिक लोग भी आशीर्वाद लेने पहुंचे। भाजपा सांसद हुकुम सिंह, विधायक पंकज मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी, जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान, चेयरमैन अरविंद संगल, हरबीर सिंह मलिक, तेजेंद्र आदि पहुंचे।