शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में बलवा चौराहे के निकट हाईवे किनारे लगी रेलिंग पर कार चढ़ गई। रेलिंग कार के बीच से पार हो गई। हादसे में कार चला रहे हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सेवानिवृत्त डॉ. रामबीर राठी (55) की मौत हो गई जबकि दूसरे कार्यकर्ता ऋषिराज भारद्वाज गंभीर घायल हो गए।
हरियाणा के जिला झज्जर के बहादुरगढ़ निवासी रामबीर राठी और ऋषिराज भारद्वाज हरिद्वार भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में गए थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार देर शाम दोनों कार से बहादुरगढ़ लौट रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में बलवा चौराहे से बागपत की तरफ मोड़ पर पहुंचते ही कार असंतुलित होकर हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग से कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग कार के आरपार हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से रामबीर राठी को पानीपत रेफर कर दिया। पानीपत अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऋषिराज को गंभीर हालत में परिजन बहादुरगढ़ ले गए। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। गाड़ी के तेज गति से होना और नींद की झपकी आने की वजह से हादसा होना बताया गया है।
कुछ देर पहले ही कार चलाने को चालक सीट बैठे थे रामबीर
शामली। शामली निवासी भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि हरियाणा से एक भाजपा कार्यकर्ता से उन्हें हादसे की जानकारी मिली। वे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल ऋषिराज ने बताया कि हरिद्वार से शामली होते हुए बागपत और सोनीपत होते हुए बहादुरगढ़ जा रहे थे। हरिद्वार से वही कार चला रहे थे, लेकिन बलवा चौराहे से कुछ दूर पहले ही दोनों ने अपनी सीट बदली थी और रामबीर राठी कार लेकर चले थे और कुछ ही देर बाद हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि बहादुरगढ नगर मंडल का हरिद्वार में 16 से 20 मार्च तक भाजपा का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। रामबीर राठी व ऋषिराज सोमवार सुबह हरिद्वार पहुंचे थे और दो दिन का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दोनों हरिद्वार से घर लौट रहे थे।