शामली। डीएम ने कहा कि जिले में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए पोषण मिशन अभियान चलाया जाएगा। जिसमें कुपोषण के शिकार बच्चों को चिह्नित कर लाल, पीली और हरी श्रेणी में अलग-अलग कर उनका उपचार कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम अखिलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पोषण मिशन अभियान को लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य, जिला कार्यक्रम सहित विभिन्न विभागों के अफसरों की बैठक ली गई।
जिसमें जिले के सभी ब्लॉक में अलग-अलग दिनों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशाओं, एएनएम आदि के प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित की गई हैं। इनको एक दिवसीय प्रशिक्षण थानाभवन, कांधला और ऊन ब्लॉक में विकास खंडों में चार जनवरी और कैराना- शामली ब्लॉक में 11 जनवरी को विकास खंडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएम ने कुपोषण के शिकार बच्चों को चिह्नित कर लाल, पीली व हरी श्रेणी में अलग-अलग कर उनका उपचार कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बच्चों का वजन करने वाली मशीनों का ग्राम प्रधान व एएनएम संयुक्त खाते से क्रय करें, अगर किसी का संयुक्त खाता अभी तक नहीं खुला हैं, वहां दो दिनों के अंदर खाता खुलवाया जाए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी साजिद अंसारी ने बताया कि जिले में आंगनबाड़ी केंद्र 938 और मिनी आंगनबाड़ी केंद्र 42 हैं। जनपद में अक्तूबर माह 2018 में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चेे कुल 94562 हैं। जिनमें से हरी श्रेणी में 863443, पीली श्रेणी में 6957 तथा लाल श्रेणी में 1262 बच्चे हैं। जनपद में 1209 लाल श्रेणी में हैं। 1209 अति कुपोषित बच्चे अभी भी जनपद में होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। मौके पर सीडीओ विवेक त्रिपाठी, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, सीएमओ डाक्टर राजकुमार, डीडीओ बलराम कुमार, सीबीओ डॉक्टर राजेश कुमार, कृषि उपनिदेशक शिवकुमार केसरी, डीपीआरओ अरुण अत्री, बीएसए गीता वर्मा आदि मौजूद रहे।
डीएम से मिला प्रधानों का प्रतिनिधि मंडल
शामली। कलक्ट्रेट में डीएम से ग्राम प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में मिला। उन्होंने पंचायत राज विभाग के सचिवों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। डीएम ने आश्वस्त कराते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर मीटिंग करके समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने भ्रष्ट अफसर व सचिव को चिह्नित कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने सभी सचिवों की जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जल्द से जल्द 16 हजार जनपद में शौचालय बनवाए जाएंगे। प्रधानों के प्रतिनिधि मंडल में प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉक्टर योगेंद्र चौधरी, प्रधान राम मेहर, प्रधान सतीश पंवार, धर्मेंद्र सिंह, अनिल कुमार, बृजेश, ओमपाल आदि मौजूद रहे।