डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाया अभियान
शामली, कैराना। एआरटीओ की चेकिंग के दौरान लापरवाही से चलाकर ले जाई जा रही डग्गामार पिकअप को पकड़ कर उसका चालान कर दिया।
कैराना से पानीपत मार्ग पर डग्गामार वाहनों की भरमार है। डग्गामार वाहनों के चलने के कारण परिवहन निगम को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को एआरटीओ मुंशीलाल ने कांधला तिराहे पर डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। एआरटीओ को आता देख वहां पर सवारी भर रहे चालक अपनी पिकअप गाड़ियां लेकर भागने लगे। इस दौरान एक चालक अपनी पिकअप में बैक गियर लगाकर भगाकर ले जाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान पीछे खड़ा युवक बाल-बाल बच गया। इस पर एआरटीओ के साथ आयी टीम ने पिकअप गाड़ी को पकड़ लिया तथा चालान कर दिया। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि अवैध रूप से चलने वाले वाहन के चालक की लापरवाही से एक युवक की जान जा सकती थी। गाड़ी को पकड़ कर उसका 35 हजार रुपये का चालान कर दिया।