प्रकाशक का नाम व प्रकाशन वर्ष देखकर खरीदें पुस्तकें
शामली। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा शैक्षिक सत्र 2020-21 में कक्षा नौ से 12 तक 28 विषयों की 55 एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण एवं प्रदेश के सभी जनपदों में विक्रय कर वितरण का कार्य मैसर्स काका संस प्राइवेट लिमिटेड नोएडा, मैसर्स राजीव प्रकाश प्रयागराज, मैसर्स आलोक प्रिंटर्स आगरा व मैसर्स रवि ऑफसेट प्रिंटर्स एंड पब्लिकेशर्स आगरा को सौंपा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक के मुताबिक मैसर्स काका संस प्राइवेट लिमिटेड ने पत्र भेजकर बताया कि जनपद शामली में पुस्तक विक्रेताओं द्वारा वर्ष 2018-19 की मुद्रित पाठ्य पुस्तकें विक्रय की जा रही हैं। जबकि वर्तमान में पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण, वितरण का अधिकार उन समेत मुद्रकों को हैं। वर्ष 2019-20 में मुद्रित पाठ्य पुस्तकों का मूल्य भी 2018-19 की मुद्रित पाठय पुस्तकों से कम है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं से कहा है कि वे शैक्षिक सत्र 2020-21 में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 तक की पुस्तकों को खरीदने से पूर्व प्रकाशन वर्ष और प्रकाशक का नाम अवश्य देख लें। उन्होंने प्रधानाचार्यों से कहा कि विद्यालयों में प्रकाशकों द्वारा मुद्रित पुस्तकों की सूची सूचना पट पर चस्पा कर दें। साथ ही पुस्तक विक्रेताओं से भी कहा कि वे भी जनहित में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा निर्धारित मुद्रकों की पुस्तकें ही निर्धारित मूल्य पर विक्रय करें।